रायबरेली (एनपीआर नेटवर्क)। डलमऊ विकासखंड क्षेत्र के करकसा गांव स्थित बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर में किसान पाठशाला का आयोजन किया गया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर उन्हें कृषि से संबंधित उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान किसानों को बुवाई के समय दवाओं के सही छिड़काव की विधि के बारे में विस्तार से बताया गया तथा फसल सुरक्षा के वैज्ञानिक उपायों से अवगत कराया गया।विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खेती के उन्नत तरीकों पर चर्चा की गई। फार्मर रजिस्ट्री से भविष्य में मिलने वाले लाभों के बारे में भी किसानों को विस्तार से समझाया गया।किसान पाठशाला में कृषि विभाग से बीज भंडार प्रभारी विद्यासागर, सहायक तकनीकी प्रबंधक अंकित कुमार, भूतपूर्व प्रधान शिव भुजा सिंह, किसान जितेंद्र बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में अन्य कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को किसानों ने उपयोगी बताते हुए ऐसी पाठशालाओं के नियमित आयोजन की मांग की।
करकसा गांव में किसान पाठशाला आयोजित, कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी
