रायबरेली। जिले में ओवरलोड ट्रकों के सहारे चल रहे अवैध वसूली रैकेट का बड़ा खुलासा करते हुए पुलिस ने दो सरकारी ड्राइवरों सहित कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। डीह थाना पुलिस ने एआरटीओ प्रवर्तन और पीटीओ के ड्राइवर सुशील कुमार एवं नौशाद अली पर गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम किया है। जांच में सामने आया कि दोनों ड्राइवर अपने अधिकारियों की लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी लगातार दलालों को भेजते थे। इसके बदले दलाल प्रति ट्रक 5500 रुपये की अवैध वसूली करते थे, जिससे ओवरलोड वाहन चेकिंग से बच जाते थे। यह रैकेट लंबे समय से सक्रिय बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में 18 नामजद और 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों में ट्रक ऑपरेटर, दलाल और परिवहन विभाग से जुड़े लोग प्रमुख रूप से शामिल हैं। गौरतलब है कि इससे पूर्व उत्तर प्रदेश एसटीएफ भी इसी तरह की शिकायत पर एआरटीओ प्रवर्तन अंबुज शुक्ला, पीटीओ रेहाना बानो और उनके ड्राइवरों के खिलाफ लालगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा चुकी है। रायबरेली पुलिस की यह कार्रवाई, एसटीएफ की कार्रवाई के बाद, ओवरलोड ट्रक माफिया के खिलाफ जिले में सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
ओवरलोड ट्रक माफिया पर रायबरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एआरटीओ प्रवर्तन व पीटीओ के दो ड्राइवरों पर मुकदमा
