सतांव (रायबरेली)। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के अंतर्गत पंचायत सहायक, ग्राम प्रधान एवं पंचायत सचिवों के लिए ओएसआर (स्व अर्जित आय) विषयक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को ब्लॉक सभागार सतांव में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की स्व अर्जित आय कैसे प्राप्त की जाए, ओएसआर उपार्जन के विभिन्न स्रोत एवं प्रकार, तथा प्राप्त आय का ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में प्रभावी उपयोग कैसे किया जाए, इन सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पंचायती राज व्यवस्था, ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) एवं ग्राम पंचायत के ओएसआर स्रोतों की पहचान कर अधिक से अधिक राजस्व अर्जन के तरीकों पर भी जानकारी दी गई।राज्य प्रशिक्षक संजीव कुमार मिश्रा द्वारा प्रतिभागियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया तथा संबंधित पोर्टल के संचालन की व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी सहित समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, पंचायत सहायक, ग्राम प्रधान एवं पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
ब्लॉक स्तरीय OSR विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
