रायबरेली में मतदाताओं की बाढ़! संख्या पहुंची 18.87 लाख के पार

रायबरेली (यूपी)। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत 10 अप्रैल 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत बछरांवा, हरचंदपुर, रायबरेली, सलोन, सरेनी एवं ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं के विवरण को अपडेट किया गया है।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने जानकारी देते हुए बताया कि नवीनतम आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 18,87,398 हो गई है। इनमें 10,14,928 पुरुष, 8,72,445 महिला तथा 25 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। जनवरी 2026 में जारी सूची की तुलना में इस बार लगभग 98,302 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
इस पुनरीक्षण अभियान के दौरान खास तौर पर युवाओं की भागीदारी में वृद्धि देखी गई है। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 20,692 नए मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया है, जो आने वाले चुनावों में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जनपद का जेंडर रेशियो 860 और इलेक्टोरल पॉपुलेशन (EP) रेशियो 53.74 प्रतिशत दर्ज किया गया है। वहीं मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में 1,458 मतदान केंद्र और 2,451 मतदेय स्थल स्थापित किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया को और अधिक सुगम और सुलभ बनाया जा सके।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी वोटर आईडी और नाम सूची में अवश्य जांच लें, जिससे मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial