मनरेगा की रकम में लापरवाही भारी: रायबरेली के BDO पर अरेस्ट वारंट से मचा हड़कंप!
लखनऊ। रायबरेली में डलमऊ ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अशोक कुमार सचान के खिलाफ कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अरेस्ट वारंट जारी किया है। यह कार्रवाई मनरेगा कर्मियों के मानदेय से काटी गई ईपीएफओ राशि को समय से संबंधित खातों में जमा न कराने के मामले में की गई है। ईपीएफओ के रिकवरी ऑफिसर, लखनऊ द्वारा पुलिस अधीक्षक रायबरेली को पत्र भेजकर वारंट जारी करने की जानकारी दी गई।मामले के अनुसार, अक्तूबर 2020 से मई 2021 के बीच मनरेगा कर्मियों के मानदेय से ईपीएफओ की कटौती तो की गई, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर धनराशि जमा नहीं की गई। इस लापरवाही पर ईपीएफओ ने 1,81,386 रुपये की पेनल्टी लगाई है। साथ ही बीडीओ को 27 मार्च तक यह राशि जमा करने का अंतिम अवसर भी दिया गया है।उधर, अरेस्ट वारंट जारी होने के बाद जिले में खंड विकास अधिकारियों के बीच नाराजगी देखी जा रही है। मामले को गंभीर मानते हुए उपायुक्त मनरेगा प्रमोद सिंह चंद्रौल ने अपर आयुक्त को पत्र भेजकर दिशा-निर्देश मांगे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी ऐसे मामलों में कार्रवाई की गई है। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।
