डलमऊ (रायबरेली)। बहेरिया गांव में राशन वितरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया। किसान नेता अजमेर सिंह ने गांव के कोटेदार रामभरोस पर राशन में घटतौली और लाभार्थियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल बन गया।आरोप है कि निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जा रहा था और विरोध करने पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। इसकी जानकारी मिलते ही किसान नेता अजमेर सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर पूरी स्थिति जानी।इसके बाद ग्राम प्रधान सहित दर्जनों ग्रामीणों ने एकजुट होकर उपजिला अधिकारी के माध्यम से लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कोटेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में लाभार्थियों के अधिकारों का हनन न हो।ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर निर्भर हैं, ऐसे में घटतौली गंभीर मामला है। फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच का आश्वासन दिया गया है।
डलमऊ में कोटेदार पर गंभीर आरोप, किसान नेता ने एसडीएम से की शिकायत
