डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब पुरे बूढ़े लाल मजरे सोडासी निवासी सुरेन्द्र यादव का 6 वर्षीय बेटा अंश अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों ने तुरंत 112 पर सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली प्रभारी राघवन सिंह अपनी टीम के साथ हरकत में आए। सूचना मिलते ही पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर आसपास के नदी, नहर, तालाब, कुएं और घर के आस-पास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान शुरू किया।करीब डेढ़ घंटे से लापता अंश को ढूंढने के लिए पुलिस ने बारीकी से हर संभावित स्थान की तलाशी ली। आखिरकार बच्चे को घर के बगल में बनी दीवार और धान के बयार के बीच छिपा हुआ पाया गया। पूछताछ में पता चला कि अंश नहाने के डर से छिप गया था। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।कोतवाली प्रभारी राघवन सिंह ने इंसानियत का परिचय देते हुए बच्चे के लिए चॉकलेट और टॉफी मंगवाई और उसे प्यार से समझाया। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से महज दो घंटे में मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया, जिससे क्षेत्र में पुलिस की सराहना हो रही है।
मासूम की मुस्कान लौटी: डलमऊ पुलिस ने 2 घंटे में ढूंढ निकाला 6 वर्षीय अंश
