ऊंचाहार (रायबरेली)।जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन पानी की टंकी पर कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के सराय परसू गांव में शाम करीब पांच बजे टंकी पर चढ़ते समय मजदूर संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान संदीप सोनकर (25) पुत्र गुब्बर सोनकर निवासी चनन मऊ, थाना खकहरेहरू, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को ऊंचाहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां तैनात डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।इस संबंध में सीएचसी ऊंचाहार में तैनात चिकित्सक डॉ. इफ्तेखार अहमद ने बताया कि युवक को मृत अवस्था में लाया गया था, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दे दी गई। सूचना पर पहुंची ऊंचाहार कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े किए हैं।
ऊंचाहार में जल जीवन मिशन की पानी की टंकी निर्माण के दौरान हादसा, मजदूर की गिरकर दर्दनाक मौत
