तब्लीग़ी मिशन पर साउथ अफ्रीका रवाना हुए मुफ़्ती सिराजुद्दीन

डलमऊ। न्यूज प्लस रिपोर्ट

प्रसिद्ध इस्लामिक धर्मगुरु मुफ़्ती सिराजुद्दीन अल क़ादरी साहब अपने मूल निवास संतपुर से आज एक महत्वपूर्ण तब्लीग़ी दौरे पर साउथ अफ्रीका के लिए रवाना हो गए। इस अंतरराष्ट्रीय दौरे के दौरान वे जोहान्सबर्ग, डरबन, केप टाउन सहित कई प्रमुख शहरों में पहुंचकर दीन-ए-इस्लाम की बुनियादी तालीमात पर बयान करेंगे।बताया गया कि पवित्र माह रमज़ान नज़दीक है। ऐसे में मुफ़्ती साहब मसाजिद, इस्लामिक मराक़िज़ और दावती इज्तिमाआत में शिरकत कर रोज़ा, तरावीह, नमाज़ की पाबंदी, अख़लाक़-ओ-किरदार, इत्तेहाद-ए-उम्मत, समाज में अमन-ओ-सुकून तथा शिक्षा के महत्व पर विशेष पैग़ाम देंगे। उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय मुस्लिम समाज और नौजवानों की भागीदारी की उम्मीद है।रवाना होने से पूर्व मुफ़्ती सिराजुद्दीन ने कहा कि आज उम्मत को कुरआन-ओ-सुन्नत की रौशनी में अपनी ज़िंदगी को संवारने और अपने अच्छे आचरण से इस्लाम की सच्ची तस्वीर दुनिया के सामने पेश करने की ज़रूरत है। साउथ अफ्रीका के मुस्लिम संगठनों ने उनके दौरे का स्वागत करते हुए इसे दीन-ओ-दावत के लिए एक अहम क़दम बताया है।मुफ़्ती साहब को विदा करते समय उनके पिता कमरूद्दीन ने इसे पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया। इस अवसर पर डॉ. कमर, मतीन अहमद, सईद अहमद, रोशन ज़मीर, वकील असगर अली, मोहम्मद अहमद, फिरोज़, मोहम्मद आरिफ समेत मुहल्ले के लोग और रिश्तेदार मौजूद रहे, जिन्होंने पुरनम आंखों से उन्हें अलविदा कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial