तेज रफ्तार स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलटी, 10 बच्चे सवार, ड्राइवर गंभीर
भदोखर (रायबरेली)। मुलीहामऊ गांव के पास शनिवार सुबह एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब 10 स्कूली बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन वैन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चार-पांच बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि वैन बच्चों को लेकर राम जानकी पब्लिक स्कूल जा रही थी। इसी दौरान मुलीहामऊ गांव के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वैन सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में घायल चालक की पहचान अजय कुमार निवासी मुलीहामऊ गांव के रूप में हुई है। वहीं वैन में सवार बच्चे मिल एरिया थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रथम दृष्टया ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ है। वैन में सीएनजी किट भी लगी थी, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका थी, लेकिन सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
