रायबरेली (एनपीआर नेटवर्क)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मंगलवार को अटल भवन पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष गहन समीक्षा SIR बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि मतदाता सूची शुद्धिकरण में किसी भी हाल में “एक भी घुसपैठिए का नाम” न बचे। बूथ-स्तरीय सत्यापन और पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर देते हुए पाठक ने अधिकारियों को लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।समीक्षा बैठक के दौरान पाठक ने कांग्रेस के नेहरू-गांधी परिवार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “गांधी परिवार खुद को राजा समझता है, लेकिन जनता ने उन्हें जवाब दे दिया है”। उन्होंने दावा किया कि रायबरेली व अमेठी में हार से साफ है कि जनता ने “राजशाही की सोच” को नकार दिया है। राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए पाठक ने कहा कि SIR अभियान से विपक्ष बौखलाया है, क्योंकि फर्जी वोटरों के खुलासे से उनकी राजनीति प्रभावित होगी।पाठक ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कोडीन सिरप कांड पर भी सख्त रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हाल ही में बछरावां CHC में की गई कार्रवाई का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नीति नशे और लापरवाही के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की है।बृजेश पाठक का यह दौरा बीजेपी की चुनावी तैयारी, प्रशासनिक सक्रियता और SIR अभियान की निर्णायक भूमिका को मजबूत संकेत देता है। रायबरेली में उन्होंने साफ किया कि पारदर्शी वोटर लिस्ट और जनता की भागीदारी ही लोकतंत्र की असली ताकत है।
रायबरेली में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की SIR बैठक, विपक्ष पर तीखे हमले
