रायबरेली (न्यूज प्लस रिपोर्ट)। रायबरेली के गल्ला मंडी स्थित आवास पर मछलीशहर (जौनपुर) से समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने मृतक लालजी सोनकर के पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
दलित समाज को न्याय न मिलने पर उठाए सवाल
परिजनों से मुलाकात के बाद रागिनी सोनकर ने सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने तीखे स्वर में पूछा, “क्या लालजी सोनकर दलित समाज से हैं, इसलिए उन्हें न्याय नहीं मिलेगा?” उन्होंने इस मामले में तत्काल कार्रवाई और निष्पक्ष जांच के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से भी फोन पर बातचीत की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
कंगना रनौत के बयान पर पलटवार और राम मंदिर चोरी पर घेरा
बातचीत के दौरान सपा विधायक ने मंडी सांसद कंगना रनौत के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए उन्हें आड़े हाथों लिया। इसके साथ ही, उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में हुई चोरी के मामले को लेकर प्रदेश सरकार की मंशा और कानून-व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा।पीड़ित परिवार ने विधायक के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई, जिस पर विधायक ने सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करने का आश्वासन दिया।
