रायबरेली। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला सदर कोतवाली से कुछ ही दूरी पर स्थित कैपरगंज इलाके का है, जहां ऑनलाइन जुए (सट्टे) की उधारी को लेकर दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। सिक्का बीड़ी कंपनी की बिल्डिंग में घुसकर हुई मारपीट और बीच सड़क पर की गई हवाई फायरिंग से पूरा इलाका दहशत में आ गया।
सट्टे की उधारी से शुरू हुआ विवाद : पीड़ित हंसराज कश्यप उर्फ बऊवा, निवासी गोराबाजार बिजली ऑफिस के सामने, ने बताया कि अनिल दुबे और उसके साथी सट्टे की उधारी के पैसों को लेकर उसे लगातार धमका रहे थे। जब आरोपी उसे घर पर नहीं मिले, तो उन्होंने फोन कर उसकी लोकेशन पूछी और कुछ देर बाद घर पहुंचकर हमला बोल दिया। सूत्रों के मुताबिक पूरा विवाद मोबाइल पर खेले जाने वाले ऑनलाइन सट्टे के लेन-देन को लेकर हुआ। इसी फिरौती और वसूली के लिए आरोपी गैंग उसके घर पहुंची थी।
अनील दुबे गैंग का उत्पात : पीड़ित के अनुसार हमलावरों में अनिल दुबे, चांद हाबड़, जस्सी सरदार और अमेठी निवासी अल्तमश शामिल थे। आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और बाहर आकर दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। सदर कोतवाली के इतने करीब गोली चलने की घटना से स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: चार गिरफ्तार घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई और देर रात दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त असलहा, कारतूस और वाहन भी बरामद किए हैं। सीओ सिटी अरुण नौहार ने बताया कि मारपीट व फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
