संदीप फिज़ा
लालगंज (रायबरेली)। ऐहार गांव स्थित सुप्रसिद्ध बाल्हेश्वर मंदिर में मंगलवार को एक प्रेमी जोड़े ने परिवार की सहमति से वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया। विवाह के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नवदंपती को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की। नकफुलहा गांव निवासी बृजेश और ऐहार के पूरे अजबी मजरे की रामपती पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध में थे। शुरुआती दिनों में दोनों परिवार इस रिश्ते को मानने को तैयार नहीं थे। विवाह को लेकर कई बार पंचायत भी बैठी, लेकिन किसी निष्कर्ष पर बात नहीं पहुंच सकी। अंततः मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद परिजन युवक-युवती को बाल्हेश्वर मंदिर ले गए। मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार और हिंदू परंपराओं के बीच उनका विवाह संपन्न कराया गया। वर–वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह समारोह में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश फौजी, रामसजीवन, राजबहादुर, राजू, सुरेंद्र और रामलोटन सहित क्षेत्र के कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित दंपती को उपहार और आशीर्वाद देकर उनके वैवाहिक जीवन की मंगलकामनाएं दीं।
