Jammu Kashmir news in hindi : दिल्ली में कार बम हमले के बाद सारे जम्मू कश्मीर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस हमले के बाद से ही पूरा प्रदेश सहमा हुआ है। धार्मिक स्थलों के पास रहने वालों को आतंकी हमलों की पुनर्रावृत्ति का डर है तो कश्मीर में कार बमों की दहशत एक बार फिर चेहरों की हवाईयां उड़ाने लगी हैं।
अधिकारियों ने दावा किया है कि दिल्ली के ताजा कार बम हमले के बाद सारे प्रदेश में सतर्कता को बढ़ाया तो गया लेकिन खुफिया एजेंसियों की खबरों के कारण दहशत फैल रही है। उनका कहना था कि कुछ लोगों द्वारा खुफिया रिर्पोटों को प्रमुखता दिए जाने के बाद लोग अपने आपको असुरक्षित महसूस करने लगे हैं।

असल में खुफिया रिपोर्टें कहती हैं कि आतंकी जम्मू कश्मीर में भी धार्मिकस्थलों पर हमलों को अंजाम दे सकते हैं। यूं तो रघुनाथ मंदिर पर दो बार आतंकी हमला हो चुका है। वैष्णो देवी गुफा तक आतंकी पहुंचे तो कई बार पर हर बार सुरक्षाबलों को सफलता मिली थी। और अब ताजा रपटों के बकौल, वैष्णो देवी का तीर्थस्थान आतंकी हिट लिस्ट में सबसे ऊपर है।
