किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले की अमौर विधानसभा सीट से विधायक व AIMIM बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने अजान में लाउडस्पीकर के अत्यधिक उपयोग पर चिंता जताई है। उन्होंने मुसलमानों से अपील की कि अजान की आवाज में मर्यादा और संतुलन रखा जाए। विधायक ने कहा कि अजान का मकसद इबादत के समय की सूचना देना और लोगों को नमाज के लिए बुलाना है, न कि शोर पैदा करना या विवाद खड़ा करना।अख्तरुल ईमान ने इस्लामी तालीमात का हवाला देते हुए कहा कि इस्लाम में संयम पर विशेष जोर दिया गया है। यदि मस्जिद में नमाज अदा की जा रही हो, तो तेज आवाज में अजान देना उचित नहीं है। आवाज इतनी तेज न हो कि कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दे। उन्होंने बताया कि उनके मोहल्ले में करीब 500 मीटर के दायरे से ही नमाजी आते हैं, फिर भी अजान की आवाज पूरे इलाके में गूंजती है, जो मुनासिब नहीं है।देश के मौजूदा सामाजिक माहौल का जिक्र करते हुए उन्होंने आपसी सौहार्द बनाए रखने और पड़ोस की सहूलियत का भी ख्याल रखने की अपील की।
किशनगंज विधायक की अजान पर नई अपील: “शोर नहीं, सिर्फ इबादत का संदेश”
