डलमऊ (रायबरेली) डलमऊ कस्बे में बुधवार को यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों ने जमकर हंगामा किया। मामला जगतपुर मार्ग तिराहे के पास का बताया जा रहा है, जहां कथित परीक्षा केंद्र के शिक्षकों पर छात्रों ने गंभीर आरोप लगाए।छात्रों का आरोप है कि कुछ परीक्षार्थियों ने उत्तर पुस्तिका में रुपए लगाए थे, जिन्हें शिक्षकों द्वारा निकाल लिया गया और इसके बाद उत्तर पुस्तिका के पृष्ठ फाड़ दिए गए। इस आरोप के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही डलमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी। राघवन सिंह कोतवाली प्रभारी डलमऊ ने बताया कि परीक्षा केंद्र के पास छात्रों द्वारा हंगामे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझा-बुझाकर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि छात्र मौखिक रूप से शिक्षकों पर उत्तर पुस्तिका से रुपए निकालकर पन्ने फाड़ने का आरोप लगा रहे थे। मामले की जांच की जा रही है।
इंटरमीडिएट परीक्षा के बाद बवाल: कॉपी से रुपए निकालने और पन्ने फाड़ने का आरोप, डलमऊ में छात्रों का हंगामा
