लखनऊ। योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर होली पर्व को लेकर पूरे प्रदेश की ग्राम पंचायतों में 2 से 4 मार्च तक विशेष स्वच्छता और सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाएगा। सीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। अभियान की निगरानी सभी डीएम और सीडीओ स्तर से की जाएगी।इस विशेष अभियान के तहत कार्यक्रम स्थलों, घाटों, तालाबों और अमृत सरोवरों की व्यापक सफाई कराई जाएगी। साथ ही फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और अपशिष्ट निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि होलिकोत्सव से पहले और बाद तक सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की गंदगी न रहे।पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के बाद कचरे का समुचित निपटान किया जाएगा और ग्राम पंचायतों में बने रूरल रिसोर्स सेंटर पर कचरा एकत्र किया जाएगा। जलभराव वाले स्थलों की पहचान कर स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।नदी-तालाबों के घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सुरक्षा इंतजाम की जिम्मेदारी स्थानीय ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। पूरे अभियान की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी।
होली से पहले एक्शन में सरकार: 2 से 4 मार्च तक गांव-गांव चलेगा महा स्वच्छता अभियान
