बाबा बाल्हेश्वर धाम में शिक्षकों की आराधना सभा, शिक्षक एकता का दिखा दम

डलमऊ (रायबरेली)।उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, डलमऊ के शिक्षक साथियों द्वारा रविवार को बाबा बाल्हेश्वर धाम, ऐहार में एक विशेष आराधना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्तमान परिस्थितियों, टेट अनिवार्यता के सुरक्षित निर्णय, शिक्षक हित एवं संगठनात्मक मजबूती को लेकर विचार-विमर्श किया गया।चिलचिलाती धूप और लगभग 43 डिग्री तापमान के बावजूद दोपहर एक बजे बड़ी संख्या में शिक्षक साथियों की उपस्थिति ने शिक्षक एकता, स्वाभिमान और आपसी विश्वास का मजबूत संदेश दिया। कार्यक्रम में महिला शिक्षिकाओं की उल्लेखनीय भागीदारी भी देखने को मिली, जिसने संगठनात्मक मजबूती को और बल प्रदान किया।बैठक में जिला उपाध्यक्ष पद से श्री निशांत पाण्डेय द्वारा दिए गए त्यागपत्र पर भी चर्चा हुई। शिक्षक साथियों ने संगठन और शिक्षक हित में उनकी सक्रिय भूमिका, स्पष्टवादिता एवं समर्पण की सराहना की।सभा को संबोधित करते हुए श्री मनोज पाण्डेय ने कहा कि शिक्षक साथियों की उपस्थिति यह साबित करती है कि संगठन में सक्रिय लोगों का सम्मान आज भी बना हुआ है। वहीं श्री बृजेश वाजपेई ने कहा कि संगठन के प्रति लोगों का विश्वास ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।प्रदीप सिंह ने बाबा भोलेनाथ से टेट का फैसला शिक्षकों के पक्ष में आने की कामना की तथा शिक्षकों से संगठित रहने की अपील की। राजेंद्र शुक्ल ने भी शिक्षक एकता पर जोर दिया। योगेश सिंह ने कहा कि शिक्षक साथियों द्वारा संगठन को दिया गया समर्थन उनके लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।कार्यक्रम में सभी शिक्षक साथियों ने एक स्वर में शिक्षक सम्मान, स्वाभिमान एवं न्यायपूर्ण विचारधारा के साथ सदैव खड़े रहने का संकल्प लिया।आराधना सभा में राजेश सिंह, शैलेंद्र कुमार यादव, दीपक कुमार मिश्रा, अक्षय दीक्षित, जयकरन सिंह, प्रमोद शुक्ला, अवध किशोर मिश्रा, धर्मेश कुमार, अवनीश श्रीवास्तव, मोहित मिश्रा, प्रतिमा दीक्षित, संध्या सिंह, मधु सिंह, शालिनी, अनीता सिंह, पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial