डलमऊ में महिला ने आवासीय पट्टा जमीन पर कब्जे की शिकायत
डलमऊ (रायबरेली)। पूरे चोपदार मजरे अलीपुर चकरई गांव निवासी शकुंतला देवी ने बृहस्पतिवार को उप जिलाधिकारी सतेंद्र सिंह से शिकायत कर अपनी आवासीय पट्टा भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वर्ष 2014 में उन्हें आवासीय पट्टा आवंटित हुआ था। आरोप है कि उसी जमीन पर गया प्रसाद, गंगा प्रसाद और पवन कुमार जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज व मारपीट की धमकी दी जा रही है। शकुंतला देवी ने प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा अपनी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। उप जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
