डलमऊ (रायबरेली)। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के भरसना गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब लगभग एक दर्जन आवारा कुत्तों ने एक बारहसिंगा पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में बारहसिंगा गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना को देखकर स्थानीय ग्रामीण जवाहर मौर्य, रिंकू मौर्य, अंकित मौर्य, भोलू मौर्य और गुड्डू अवस्थी तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बारहसिंगा को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन जीव रक्षक आशीष आजाद घायल बारहसिंगा को उपचार के लिए डलमऊ के पशु चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।वन विभाग के दरोगा प्रदीप सिंह ने बताया कि उपचार पूरा होने के बाद बारहसिंगा को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा। फिलहाल उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है और पूरी तरह स्वस्थ होने तक विशेष देखरेख की जाएगी।ग्रामीणों की तत्परता से एक दुर्लभ वन्य जीव की जान बच गई, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
एक दर्जन कुत्तों ने घेरा, ग्रामीण बने फरिश्ता… बची बारहसिंगा की जान
