ऊंचाहार में छात्रा से छेड़छाड़, तेज़ाब डालने की धमकी; पुलिस की लापरवाही से बढ़ा आरोपी का मनोबल

रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में एक छात्रा के साथ लगातार हो रही छेड़छाड़ और तेज़ाब डालने की धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पीड़िता और उसके परिवार ने कई बार शिकायत की, लेकिन पुलिस की उदासीनता ने आरोपी का हौसला बढ़ा दिया। डर के चलते छात्रा बीते तीन महीनों से कॉलेज नहीं जा रही है।हाईस्कूल में पढ़ने वाली छात्रा ऊंचाहार नगर की सीमा पर स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ाई करती है। पीड़िता के अनुसार, अगस्त माह से गांव का एक युवक रास्ते में रोककर उससे छेड़छाड़ करता रहा। परेशान होकर छात्रा की मां ने 1 सितंबर को कोतवाली में शिकायत दी, लेकिन तत्कालीन कोतवाल ने आरोपी के खिलाफ सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई कर मामला रफा-दफा कर दिया।परिजनों का आरोप है कि पुलिस की इस लापरवाही के बाद आरोपी का मनोबल और बढ़ गया। 20 नवंबर को जब छात्रा अपनी बहन के साथ बाजार जा रही थी, आरोपी युवक ने फिर रास्ता रोककर छेड़छाड़ की और विरोध करने पर तेज़ाब डालने की धमकी दे डाली।छात्रा के परिवार ने एक बार फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक किसी भी गंभीर धाराओं में मुकदमा नहीं दर्ज किया गया है। इससे परिवार में भय व्याप्त है और छात्रा कॉलेज जाने से कतराने लगी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। परिजन आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और छात्रा की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial