अवैध संबंध में हुई अधेड़ की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, मौसेरे भाई ने ही रची थी साजिश

रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अधेड़ की हत्या उसके ही मौसेरे भाई ने अवैध संबंधों के चलते की थी। आरोपी ने प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे व्यक्ति को रास्ते से हटाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।पुलिस के अनुसार मृतक बिंदा प्रसाद की पत्नी और आरोपी राजकिशोर के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। आरोपी महिला को अपने साथ रखना चाहता था, लेकिन महिला इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात से नाराज होकर उसने बिंदा प्रसाद को अपने रास्ते का सबसे बड़ा रोड़ा मान लिया और उसकी हत्या की साजिश रच डाली।घटना 14/15 जून की रात की है। ठकुराइन खेड़ा स्थित पानी की टंकी परिसर में बिंदा प्रसाद सो रहा था। इसी दौरान आरोपी राजकिशोर वहां पहुंचा और बांके से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण बिंदा प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका भी बरामद कर लिया गया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले के खुलासे से पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial