रायबरेली। रायबरेली में मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा के जिला अध्यक्ष, विधायकों और अन्य वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया।सपा नेताओं का आरोप है कि जिले की सभी विधानसभाओं में एक ही समुदाय के करीब 30-30 हजार मतदाताओं के नाम सुनियोजित तरीके से वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि बड़ी संख्या में मतदाता अपने नाम सूची में न होने से परेशान हैं और लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। पार्टी नेताओं ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से नाम जोड़े जाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।वहीं इस पूरे मामले पर जिलाधिकारी ने सपा नेताओं को आश्वस्त किया कि मतदाता सूची से जुड़े सभी मामलों की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और यदि कहीं भी गड़बड़ी पाई जाती है तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।अब देखना होगा कि प्रशासन इस आरोप-प्रत्यारोप के बीच क्या कदम उठाता है।
News Plus Report
