रायबरेली। रैदास आश्रम सामुदायिक केन्द्र/सन्त शिरोमणि गुरु रविदास मन्दिर, रफी नगर रायबरेली में आश्रम के विकास, सुचारू संचालन तथा आगामी माघ पूर्णिमा 2027 को सतगुरु रविदास जी की 650वीं जयंती भव्य रूप से मनाए जाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आश्रम के संचालक एवं संरक्षक कर्नल कमलेश चन्द्रा (से.नि.) ने की तथा संचालन आश्रम के संयोजक राजेश कुरील ने किया।
विगत कार्यों की समीक्षा एवं 650वीं जयंती की रूपरेखा
बैठक में आश्रम के मुख्य व्यवस्थापक इं. एस.के. आर्या ने पिछले दो वर्षों में आश्रम में हुए विकास कार्यों एवं आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। वहीं सह-संयोजक विमल किशोर सबरा ने आगामी माघ पूर्णिमा पर सतगुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे जनपद में गांव-गांव कार्यक्रम आयोजित करने तथा श्रावण पूर्णिमा से झांकियां एवं यात्राएं निकालने का प्रस्ताव रखा।
बाबू बैजनाथ कुरील के योगदान को किया याद
अध्यक्षीय संबोधन में कर्नल कमलेश चन्द्रा ने रायबरेली के प्रथम सांसद बाबू बैजनाथ कुरील के योगदान को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन शोषित, वंचित और भूमिहीन समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया था। उन्हीं के प्रयासों से वर्ष 1958 में जिला प्रशासन द्वारा भूमि आवंटित कराकर रैदास आश्रम की स्थापना की गई थी।
आश्रम को जनसेवा केंद्र बनाने का संकल्प
कर्नल कमलेश चन्द्रा ने कहा कि वर्तमान समय में समाज के गरीब बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क लाइब्रेरी तथा असहाय एवं पीड़ित पुरुषों-महिलाओं के लिए निःशुल्क विधिक परामर्श केंद्र संचालित किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने आश्रम को सामाजिक, शैक्षिक और जनकल्याण का मुख्य केंद्र बनाने का आह्वान किया।
बैठक में बीरेंद्र कुरील, नरेंद्र कुरील, चंद्र शेखर बौद्ध, रामेश्वर सिंह मौर्य, हरिप्रसाद शास्त्री, सुनीता आंबेडकर, एडवोकेट रामेश्वर भारती, एडवोकेट श्रेयांश चंद्रा, सत्येश गौतम, एन.के. स्वामी, राम कुमार, विजय भीम और मास्टर श्रीराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में रविदास अनुयायी व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रायबरेली में कर्नल कमलेश चन्द्रा का बड़ा ऐलान: गरीब बच्चों को निःशुल्क लाइब्रेरी और जरूरतमंदों को मिलेगा मुफ्त विधिक परामर्श
