रायबरेली पुलिस ने 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण का सनसनीखेज मामला मात्र आठ घंटे के भीतर सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद करते हुए दो अपहरणकर्ताओं—साहिल मौर्या और उसके साथी विकास—को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि साहिल मौर्या और किशोरी एक-दूसरे को पिछले डेढ़ साल से जानते थे।
मामला भदोखर थाना क्षेत्र के बेला गुसीसी गांव का है, जहां अधिवक्ता निरंजन कुमार पाल ने थाने में सूचना दी थी कि उनकी पुत्री का अपहरण हो गया है। परिवार को इंस्टाग्राम पर एक फोटो भी भेजी गई थी, जिसमें किशोरी कुर्सी पर बेहोशी की हालत में बैठी दिख रही थी। साथ ही उसे अगले दिन सई नदी में शव मिलने की धमकी दी गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए ऊँचाहार थाना क्षेत्र के एक होटल से किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला किशोरी और साहिल के पुराने परिचय से जुड़ा प्रतीत होता है। इंस्टाग्राम पर धमकी भरी फोटो भेजे जाने की वजह की भी जांच की जा रही है।
परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान—“बदमाश अगले चौराहे पर ही पकड़ा जाएगा”—को पुलिस ने बिल्कुल सही साबित किया है।
News Plus Report
