बन्नावा गांव के पास भीषण एक्सीडेंट, इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ा
बछरावां (रायबरेली)। बांदा-बहराइच हाईवे पर बन्नावा गांव के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बछरावां की ओर से लालगंज की तरफ जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से ओमनी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ओमनी चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई।ओमनी चालक रोहित पुत्र गुरु प्रसाद (उम्र लगभग 35 वर्ष) निवासी बिशुनपुर गुरुवार रात दुर्गापुर गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह बन्नावा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमनी के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया । जहां इलाज के दौरान हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर एसजीपीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया। । जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी । शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है ।
