रायबरेली। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने ज़िले के सभी अस्पतालों में सर्दी से बचाव की तैयारियाँ मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। DM ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. नवीन चंद्रा के साथ ज़िले की स्वास्थ्य सुविधाओं—ज़िला अस्पताल, CHC और PHC—की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। DM ने निर्देश दिया है कि किसी भी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में टूटी खिड़कियाँ या दरारें मिलने पर उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए, ताकि मरीजों को ठंडी हवाओं से बचाया जा सके। इसके लिए सभी केंद्र प्रभारियों को CMO द्वारा पत्र जारी किया गया है। ज़िला अस्पताल के CMS पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में हीटर लगाए गए हैं। ठंड से बचाव के लिए कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जबकि टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से अतिरिक्त कंबल जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे।अस्पताल में सभी आवश्यक दवाएँ पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं। साथ ही, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और सिलेंडरों के माध्यम से मरीजों को निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, शीतलहर के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है और सभी अस्पतालों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी।
ठंड से निपटने की तैयारी: रायबरेली के अस्पतालों में हीटर और कंबलों की व्यवस्था, DM हर्षिता माथुर ने दिए निर्देश
