ऊँचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी से निकलने वाली राख के निस्तारण के लिए बने अरखा ऐश पांड के पास सोमवार शाम एक युवक का नग्न अवस्था में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव झाड़ियों और जंगली पेड़ों के बीच पड़ा मिला, जिसे देखकर पशु चराने गए ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी गई है। शव के पास से कपड़े, जूते, मोबाइल फोन, शराब की बोतलें तथा समीना पत्नी रंजीत, निवासी फुलवा, थाना पीपरी, जनपद प्रयागराज के नाम का निर्वाचन कार्ड व बैंक पासबुक बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार शव एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शरीर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक विक्षिप्त अवस्था में झाड़ियों में बैठ गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
एनटीपीसी अरखा ऐश पांड के पास संदिग्ध हालत में युवक का नग्न शव मिलने से हड़कंप, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
