एजेंसी, मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ‘ही-मैन’ कहलाने वाले धर्मेंद्र का सोमवार सुबह निधन हो गया। उनके बड़े बेटे सनी देओल ने विले पार्ले श्मशान घाट पर नम आंखों से उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां अंतिम दर्शन को पहुंचीं। ‘शोले’ के जय रहे अमिताभ बच्चन भी वीरू को अंतिम विदाई देने पहुंचे और भावुक नजर आए। श्मशान घाट के बाहर से लेकर सोशल मीडिया तक धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देने वालों की लंबी कतार नजर आई। उनके पार्थिव शरीर को लेकर पहुंची एंबुलेंस की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। धर्मेंद्र को 1 नवंबर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें 12 नवंबर को डिस्चार्ज कर दिया गया था। उसके बाद से उनकी घर पर देखरेख की जा रही थी। बताया जाता है कि वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। फैंस लगातार उनके स्वास्थ्य के लिए दुआ कर रहे थे, लेकिन सोमवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।धर्मेंद्र के निधन से देओल परिवार—पत्नी हेमा मालिनी, बेटे सनी देओल और बॉबी देओल—पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिल्म जगत ने एक महान कलाकार और एक सादगीभरे इंसान को खो दिया है।
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
