रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के मदाखेड़ा स्थित सई नदी पुल के पास मंगलवार को एक भयावह सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक और निजी बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर में बस के परखच्चे उड़ गए और दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बस में सवार यात्री चीख-पुकार करते बाहर निकलने का प्रयास करते रहे। हादसे में चालक समेत करीब 12–15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अनियंत्रित होकर सामने आ गया, जिससे यह भीषण टक्कर हुई। सूचना पाकर बछरावां पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से गंभीर स्थिति वाले मरीजों को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि कई घायलों को सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को सीज कर लिया है और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
रायबरेली में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 12 से अधिक यात्री गंभीर
