रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के मामा चौराहा पर रविवार रात करीब 10 बजे बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया जा रहा है कि तेज़ रफ्तार में जा रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। घटना उस समय हुई जब ट्रेलर चालक सामने से आ रही एक कार को बचाने की कोशिश कर रहा था। बचाव में ट्रेलर गिट्टी के ढेर से टकरा गया, जिससे उसका डीज़ल टैंक फट गया और उसमें भरा लीटर डीज़ल सड़क पर फैल गया। सड़क फिसलन भरी होने के कारण कई वाहन स्लिप होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक बाइक सवार युवक बुरी तरह फिसलकर घायल हो गया, जबकि दो कारें आपस में भिड़ गईं। डीज़ल की तेज़ गंध और लगातार फिसलन से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटवाया। साथ ही सड़क पर रेत डलवाकर सफाई कराई गई। इस दौरान करीब दो घंटे तक ट्रैफिक पूरी तरह बाधित रहा। ट्रेलर चालक का कहना है कि “कार अचानक सामने आ गई, बचाने में वाहन असंतुलित हो गया।” पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायबरेली: मामा चौराहे पर अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर पर चढ़ा, डीज़ल फैलने से कई वाहन हुए हादसे का शिकार
