न्यूज प्लस रिपोर्ट
डलमऊ (रायबरेली)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर डलमऊ कस्बे के मुराई बाग स्थित आदर्श बाल विद्या मंदिर में नवदुर्गा पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया।
पूजन कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर मां दुर्गा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चे माता रानी और विभिन्न पौराणिक स्वरूपों की आकर्षक वेशभूषा में सज-संवरकर पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ पूजन में भाग लिया। बच्चों की सजी-संवरी और मनमोहक छवि ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
मां दुर्गा की आरती से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे न्यू आदर्श शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश कुमार यादव ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और आरती उतारकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान विद्यालय के संस्थापक बाबू किशोरी लाल यादव, प्रबंधक राजेश कुमार एवं प्रधानाध्यापक अभिषेक सिंह की गरिमामयी मौजूदगी रही।
”शिक्षा के साथ बच्चों में नैतिक मूल्यों व संस्कारों का विकास जरूरी”
मुख्य अतिथि राकेश कुमार यादव ने संस्थापक बाबू किशोरी लाल यादव के शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान और समर्पण की जमकर सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा: ”शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी उतना ही आवश्यक है। बाबू किशोरी लाल यादव का शिक्षा के क्षेत्र में योगदान सराहनीय है। इस प्रकार के सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजन बच्चों को हमारी भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं, साथ ही उनके भीतर श्रद्धा, सद्भाव और उच्च संस्कारों की भावना विकसित करते हैं।”
कार्यक्रम का समापन अत्यंत भक्तिमय और अनुशासित वातावरण में मां दुर्गा के जयकारों के साथ हुआ।
आदर्श बाल विद्या मंदिर में धूमधाम से हुआ नवदुर्गा पूजन, नन्हे-मुन्नों ने भक्ति और संस्कारों से मोहा मन
