अमर शहीद शैलेंद्र प्रताप सिंह की छठवीं पुण्यतिथि पर आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, बटालियन और क्षेत्रवासियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

डलमऊ रायबरेली।
पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय अल्हौरा में स्थापित अमर शहीद शैलेंद्र प्रताप सिंह स्मृति वाटिका में शहीद शैलेंद्र प्रताप सिंह की छठवीं पुण्यतिथि पर एक भव्य भाव समर्पण एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने शहीद के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
​सैनिक सम्मान के साथ अर्पित किए गए श्रद्धासुमन
​कार्यक्रम की शुरुआत शहीद की प्रतिमा पर उनकी बटालियन द्वारा सैनिक सम्मान के साथ पुष्प चक्र अर्पित कर की गई। इसके बाद वीर पत्नी श्रीमती चांदनी सिंह और वीर पुत्र कुशाग्र सिंह ने नम आँखों से प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सीआरपीएफ बटालियन प्रमुख द्वारा वीर पत्नी, वीर माता और वीर पुत्र को पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र (उत्तरी) भेंट कर सम्मानित किया गया।
​समारोह के दौरान मदन सिंह द्वारा शहीद की प्रतिमा पर कराए गए छत से आच्छादन कार्य का लोकार्पण पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह द्वारा किया गया।
​सौंदर्यकरण के लिए पूर्व सैनिक ने दी एक माह की पेंशन
​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेसी नेता मदन सिंह ने कहा कि देश के लिए दी गई शहादत को सदैव याद रखा जाएगा। इस मौके पर सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक रामप्रताप सिंह (भीरा गोविंदपुर) ने शहीद वाटिका के सौंदर्यकरण के लिए अपनी एक माह की पेंशन दान करने की घोषणा की, जिसका उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
​खंड शिक्षा अधिकारी ने वीर भूमि अल्हौरा की माटी को नमन किया। कार्यक्रम को अशोक कुमार सिंह आचार्य, मोनू दादा, वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी सिंह और राजेश यादव आदि ने भी संबोधित किया। पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
​सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
​श्रद्धांजलि सभा के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशप्रेम से ओतप्रोत गीतों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। वहीं, विशेष अतिथि के रूप में पधारे सुनील सरगम सरेनी ने अपनी टीम के साथ वीर बैसवारा गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
​प्रमुख उपस्थिति एवं संचालन
​कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाध्यापक शिवराम प्रजापति ने की, जबकि संचालन योगेश सिंह (प्रधानाध्यापक प्राथमिक संवर्ग) और विनोद सिंह (पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस) ने संयुक्त रूप से किया। प्रभारी प्रधानाध्यापक सियाराम सोनकर ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया।
​इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, एसएमसी अध्यक्षों और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
​— न्यूज प्लस रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial