डलमऊ (रायबरेली) | न्यूज प्लस रिपोर्ट
मुस्लिम समाज महासभा ने अपने संगठन के विस्तार को गति देते हुए डलमऊ कस्बा निवासी जुनेद आलम को उत्तर प्रदेश का प्रदेश सचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुफरान मलिक जैतपुरी के निर्देशन में प्रदेश अध्यक्ष मेहरबान मलिक द्वारा की गई है। इस मनोनयन से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है।
संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प
प्रदेश सचिव बनाए जाने पर जुनेद आलम ने संगठन के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन पर सौंपी है, वह उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा, “संगठन की नीतियों और जन कल्याणकारी सोच को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।”
युवाओं से शिक्षा पर जोर देने की अपील
अपनी नियुक्ति के बाद जुनेद आलम ने समाज की बेहतरी के लिए शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आज के दौर में शिक्षा ही तरक्की का सबसे बड़ा और मजबूत माध्यम है। यदि समाज को आगे बढ़ाना है, तो युवाओं को शिक्षित होना ही पड़ेगा।
ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से हुआ स्वागत
मनोनयन के बाद पहली बार अपने आवास पहुंचे जुनेद आलम का कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान फिरोज आलम (सभासद), मोहम्मद वहीद, सरवर खान, अंसार हुसैन, कल्लू, बेचू, राजा, आदिल अंसारी, बबलू उर्फ आसिफ, बच्चेली कुरैशी और टुन्नू बादशाह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
