लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के बृजेंद्र नगर स्थित एक होटल में मंगलवार दोपहर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल में कई युवक-युवतियां मिलीं। वहीं परिसर में संचालित स्विमिंग पूल की भी जांच की गई, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने होटल को सील कर दिया।जानकारी के अनुसार, एसडीएम राजेश श्रीवास्तव और लालगंज कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रशासन का कहना है कि होटल के संबंध में कई दिनों से शिकायतें और सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।जांच के दौरान होटल में मौजूद युवक-युवतियों के बालिग होने की पुष्टि होने पर उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं स्विमिंग पूल में सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं के अभाव को गंभीरता से लेते हुए होटल को सील कर दिया गया। पुलिस ने होटल के मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।एसडीएम राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि होटल और स्विमिंग पूल के संचालन से संबंधित दस्तावेजों एवं मानकों की जांच की जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद लालगंज क्षेत्र में संचालित अन्य होटलों और लॉज संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
ओयो होटल पर प्रशासन का छापा, कई युवक-युवतियां मिलीं; होटल सील, मैनेजर हिरासत में
