लालगंज (रायबरेली)। देर रात लालगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो अन्य साथियों को भी दबोच लिया गया। पकड़े गए तीनों आरोपी बिहार राज्य के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो जिले में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। जानकारी के अनुसार, पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में तीन युवकों को बाइक से आते देख रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वे मुड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। भागते समय बाइक स्लिप हो जाने से तीनों गिर पड़े। पकड़े जाने के दौरान एक बदमाश ने फिर से गोली चलाई, जिस पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की और गोली ऋतिक नामक युवक के पैर में लगी। घायल ऋतिक बिहार के मुंगेर जनपद का निवासी बताया गया है। पुलिस ने मौके से एक अवैध 315 बोर तमंचा, कारतूस, 21 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा पुलिस का कहना है कि तीनों बदमाश जिले में गंभीर अपराध की योजना बना रहे थे। मामले की जांच जारी है।
रायबरेली में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में गोली; तीन गिरफ्तार
