डलमऊ (रायबरेली)। अमरहा गांव में उस समय नाराजगी देखने को मिली, जब शहीद डॉ. रामकुमार के नाम पर बनी सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद उखड़ने लगी। गांव के निवासी अशोक कुमार, अंशु कुमार, भगवती, मोहित कुमार, नीरज कुमार, जितेंद्र, रानू और रमेश कुमार सहित कई लोगों ने इसको लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा शहीद के सम्मान में सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब रही। सड़क जगह-जगह से टूटने लगी है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है और संबंधित अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की गुणवत्ता की जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
“शहीद का अपमान!”—नई सड़क कुछ ही दिनों में हुई खराब
