भदोखर (रायबरेली)। भदोखर थाना क्षेत्र के ग्राम मधुपूरी में बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए अंदर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। घटना शनिवार तड़के करीब 3:50 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित श्रवण कुमार शर्मा के अनुसार अज्ञात चोर घर में घुस आए और उनकी मोटरसाइकिल (RJ 45 SA 3836) लेकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, जिसके चलते किसी को भनक तक नहीं लगी।सुबह उठने पर जब घर के बाहर खड़ी बाइक गायब मिली तो परिवार के लोगों के होश उड़ गए। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पीड़ित ने एम्स चौकी प्रभारी को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।पीड़ित का आरोप है कि घटना को दो दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है। वहीं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भी डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरी का खुलासा करने की मांग की है।
भदोखर में चोरों के हौसले बुलंद, घर से बाइक उड़ा ले गए, दो दिन बाद भी मुकदमा नहीं
