तेज रफ्तार बनी काल: पंचर बनवा रहे फेरी मजदूर को कुचल गई कार, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बछरावां (रायबरेली)। बछरावां थाना क्षेत्र में लखनऊ–प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बल्दीखेड़ा गांव के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। रायबरेली से लखनऊ की ओर जा रही एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे दुकान पर मौजूद दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बल्दीखेड़ा निवासी रामफल पुत्र कंधई अपनी परचून व पंचर की दुकान पर अकबरपुर (जनपद कानपुर) निवासी गिरिजेश कुमार पुत्र पटवारी की साइकिल का पंचर बना रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।घटना के पीछे चल रहे एक अन्य कार चालक ने आरोपी वाहन की लोकेशन पुलिस को दी। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी कर टोल प्लाजा पर कार को रोक लिया, हालांकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गिरिजेश को मृत घोषित कर दिया। रामफल की हालत नाजुक होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।मृतक गिरिजेश फेरी लगाकर गुब्बारे बेचने का कार्य करते थे और परिवार सहित किराये पर रहकर जीवनयापन कर रहे थे। उनकी मौत से पत्नी सुनीता और दो जुड़वा बेटे राम-श्याम (9 वर्ष) तथा एक वर्षीय पुत्री लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है । तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial