डलमऊ (रायबरेली)। अदीलाबाद पूरेबिंदागंज में को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कटघर सब स्टेशन से जुड़े इलाके में जमीन पर असुरक्षित तरीके से रखे ट्रांसफार्मर के पास चर रही एक भैंस को करंट लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, भैंस गांव निवासी राजू की थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर लंबे समय से जमीन पर रखा है और उसके चारों ओर कोई सुरक्षा घेरा या ऊंचा प्लेटफॉर्म नहीं बनाया गया है। बारिश और नमी के कारण आसपास की जमीन में करंट फैलने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। घटना के बाद गांव में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने मृत पशु के मालिक को उचित मुआवजा देने और ट्रांसफार्मर को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थापित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर से फैला करंट, भैंस की मौत; ग्रामीणों में आक्रोश
