धीरनपुर गंगा घाट पर दलदल में फंसी मानसिक रूप से बीमार महिला, पुलिस ने बचाकर परिजनों को सौंपा

गदागंज (रायबरेली)।मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाओं के बीच एक मिसाल पेश करते हुए गदागंज पुलिस ने बुधवार को एक मानसिक रूप से बीमार महिला को दलदल से सकुशल बाहर निकाला। यह घटना धीरनपुर गंगा घाट की है, जहां महिला किसी तरह फिसलकर दलदल में फंस गई थी।

ग्रामीणों ने जब महिला को दलदल में तड़पते देखा तो तुरंत गदागंज पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दारोगा अनिल कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सिपाहियों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम रुबी पुत्री बब्बू निवासी दरबानीहार मजरे सराय दिलावर, कोतवाली डलमऊ बताया। बाद में पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें बुलाया।

थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि महिला को चिकित्सीय जांच के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial