रायबरेली में सड़क हादसा: 24 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में मातम

महराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के महाबीर मोड़ के पास गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में एक 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, लोधवामऊ गांव निवासी सुमेर कुमार (24) गुरुवार को सब्जी खरीदने के लिए थुलवासा बाजार गया था। देर शाम बाजार से वापस घर लौटते समय पहाड़पुर गांव जाने वाले मार्ग पर स्थित महाबीर मोड़ के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमेर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे जा गिरा।रात करीब नौ बजे हुए हादसे के बाद राहगीरों ने युवक को घायल अवस्था में देखा और तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. एस.के. भरद्वाज ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial