डलमऊ रायबरेली। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक दलित महिला ने चार लोगों पर पति के साथ गाली-गलौज, मारपीट, बाइक में तोड़फोड़ और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना का वीडियो होने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। मामले में स्थानीय दरोगा पर आरोपियों से मिलीभगत के भी आरोप लगाए गए हैं। डलमऊ तहसील क्षेत्र के सोभवापुर मजरे पखरौली गांव निवासी रेनू ने डलमऊ कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पति प्रेम शंकर गांव पूरे पासिन में ट्रैक्टर से खेत जोतने गए थे। इसी दौरान संजय साहू, विनय समेत चार लोग वहां पहुंचे और उनके पति के साथ गाली-गलौज करने लगे। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने प्रेम शंकर की अपाचे मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की। किसी तरह प्रेम शंकर अपनी जान बचाकर घर पहुंचे, लेकिन इसके बाद आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। रेनू का दावा है कि धमकी देने की घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है, जिसे पुलिस को उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके बावजूद अब तक पुलिस ने उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि क्षेत्रीय दरोगा आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं और उनकी मिलीभगत के चलते कार्रवाई नहीं हो रही है।
मारपीट, बाइक में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी, दलित परिवार ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
