रायबरेली (एनपीआर नेटवर्क)। आदर्श ग्राम पंचायत ऐहार में खाद गड्ढों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पिछले दो महीने से लंबित पड़ी है। 8 अक्टूबर को ग्रामीणों ने एसडीएम डलमऊ को लिखित आवेदन देकर खाद गड्ढों की पैमाइश कर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।ग्रामीणों का आरोप है कि हल्का लेखपाल और कानूनगो मामले को लेकर लगातार टालमटोल कर रहे हैं। कभी किसान फॉर्मा तो कभी एसआईआर (SIR) की मांग कर प्रकरण को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है। इसी बीच गांव में अन्य स्थानों पर पैमाइश नियमित रूप से होने से ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है, जिससे गांव के संसाधनों और रास्तों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। प्रशासन की लापरवाही के कारण विवाद और गहराता जा रहा है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द पैमाइश शुरू कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजने के साथ-साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि बचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई अब अत्यंत जरूरी हो गई है।
ऐहार ग्राम पंचायत में खाद गड्ढों पर अतिक्रमण का मुद्दा दो माह से लंबित, ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
