रायबरेली में शनिवार को सदर तहसील का कार्य पूरी तरह ठप रहा जब लेखपाल संघ के आह्वान पर जिलेभर के लेखपाल अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। सदर तहसील परिसर में सुबह से ही बड़ी संख्या में लेखपाल एकत्र हुए और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।धरना प्रदर्शन तहसील अध्यक्ष राजकुमार की अध्यक्षता में
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व तहसील अध्यक्ष राजकुमार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लंबे समय से लेखपालों की समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है, जिससे लेखपाल वर्ग में भारी नाराज़गी है। समस्याओं के समाधान के लिए शासन को कई बार अवगत कराया गया, मगर उचित कार्रवाई न होने के चलते अब आंदोलन की राह अपनानी पड़ी है। धरने पर बैठे लेखपालों ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में—पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता, लंबित मांगों का निस्तारण, बढ़ते कार्यभार को कम करने की व्यवस्था, सुरक्षा व सुविधा से जुड़े प्रावधान, जैसी प्रमुख बातें शामिल हैं। धरने में मौजूद लेखपालों ने स्पष्ट किया कि यह एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना है, लेकिन यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती, तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जा सकता है। धरने के चलते सदर तहसील में आम जनमानस से जुड़े राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित रहे।
रायबरेली: 8 सूत्रीय मांगों को लेकर सदर तहसील में लेखपालों का कामकाज ठप, एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना जारी
