रायबरेली।
जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे भवानी बक्स मजरे भीख गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक सियार ने बकरियों पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सियार को घेरकर पीट-पीटकर मार डाला।ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गांव और आसपास के इलाके में सियारों का आतंक फैला हुआ था। बीते शुक्रवार को इसी सियार के हमले में चार वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही पूरे गांव में दहशत का माहौल था।वन विभाग की टीम कई दिनों से सियार की तलाश में जुटी थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी। बुधवार की सुबह जब ग्रामीण शारदा नहर के किनारे बकरियां चरा रहे थे, तभी अचानक सियार ने एक बकरी पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उसे चारों ओर से घेर लिया और मार डाला।ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि अब गांव में शांति लौटेगी, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से सभी भयभीत थे। वहीं, वन विभाग की टीम ने सियार के मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि मृत जानवर का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और इलाके की निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
जगतपुर में सियार का आतंक खत्म, ग्रामीणों ने बकरी पर हमला कर रहे सियार को घेरकर मार डाला
