डलमऊ में रफ्तार का कहर: दो सड़क हादसों में भाई-बहन समेत तीन की दर्दनाक मौत

डलमऊ (रायबरेली)।गुरुवार को अलग–अलग स्थानों पर हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में भाई–बहन समेत कुल तीन लोगों की मौत हो गई।घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पहली घटना डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पूरे कुंजन मजरे पखरौली निवासी अंकित यादव (25 वर्ष), पुत्र रामसुमेर, अपनी छोटी बहन सोनम (22 वर्ष) को एमए की परीक्षा दिलाने भैरव मिश्र सोडासीं गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद करीब दोपहर एक बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुराईबाग गंग नहर के पास लालगंज की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भाई–बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को डलमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दूसरी घटना डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घोरवारा और बहेरिया गांव के बीच त्रिपुला पुल के पास हुई। ग्राम सरिस्तापुर मजरे तेरखा गांव निवासी अजय कुमार (38 वर्ष), पुत्र शिव बहादुर, अपने चाचा राज बहादुर (45 वर्ष) के साथ बाइक से इलाज कराने डलमऊ सीएचसी आ रहे थे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे उनके चाचा को मामूली खरोंच तक नहीं आई। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल डलमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक मनीष सिंह ने अजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial