रायबरेली। मदरसा का पुरवा मजरे जलालपुर धई गांव की रहने वाली अफसरी बानो (19) की लखनऊ में हुई संदिग्ध मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने युवती के कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। परिजनों के मुताबिक, करीब दो माह पहले अफसरी बानो क्षेत्र के कोरिहानी मजरे भगवंतपुर चंदनिहा गांव के रहने वाले एक युवक के साथ लखनऊ चली गई थी। बताया जा रहा है कि वह युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इसी दौरान शनिवार को अफसरी की मौत हो गई, लेकिन इसकी जानकारी परिवार को मंगलवार को मिली। अफसरी के भाई मो. रईश ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या युवक ने की है। परिजनों ने इस संबंध में विभूतिखंड थाना, लखनऊ में तहरीर देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। मां नसीरुननिशा और पिता मो. रसीद का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि जब तक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज नहीं होता और कार्रवाई नहीं की जाती, वे शांत नहीं बैठेंगे।
लखनऊ में युवती की संदिग्ध मौत, गदागंज के परिजन गमगीन — आरोपी प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग तेज
