बस्ती।
जिले में एसआईआर प्रगति की वास्तविक स्थिति जानने बुधवार को एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान और एसडीएम सदर शत्रुघ्न पाठक औचक निरीक्षण पर निकले। निरीक्षण के दौरान डारीडीहा से लेकर भद्रेश्वरनाथ तक कई केंद्रों पर बीएलओ की गंभीर लापरवाही सामने आई। डारीडीहा स्थित मतदेय स्थल पर समीक्षा के दौरान बीएलओ एक भी पूर्ण एसआईआर फॉर्म नहीं दिखा सके, जिसके बाद अधिकारियों का पारा चढ़ गया। एसडीएम शत्रुघ्न पाठक ने संबंधित कर्मचारी को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और कहा कि सरकारी वेतन लेने के बावजूद इतनी बड़ी जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं निभाया जा रहा है। उन्होंने विकास विभाग के बाबू और संबंधित बीडीओ के खिलाफ भी तहरीर देने का निर्देश दिया। स्थिति बिगड़ते देख बीएलओ ने माफी मांगते हुए चूक सुधारने का आश्वासन दिया, जिसके बाद अधिकारियों का रवैया कुछ नरम हुआ। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आगे एसआईआर कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फील्ड निरीक्षण में मिली लापरवाही के बाद यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर इतनी धीमी प्रगति के पीछे वजह क्या है और मतदाता सूची अद्यतन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को क्यों गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
बस्ती में एसआईआर जांच के दौरान बड़ी लापरवाही उजागर, एसडीएम भड़के
